रामनवमी क्यों मनाया जाता है?

रामनवमी का त्यौहार चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी को मनाया जाता है। धर्मशास्त्रों के अनुसार इस दिन भगवान श्री राम जी का जन्म हुआ था। राम नवमी का त्यौहार भगवान विष्णु के अवतार भगवान राम के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। श्री राम का जन्म त्रेता युग में हुआ था, जिसका वर्णन आदिकाव्य वाल्मीकीय रामायण में उपलब्ध है:-

ततो यज्ञे समाप्ते तु ऋतूनां षट्समत्ययु:।
ततश्च द्वादशे मासे चैत्रे नावमिके तिथौ॥
नक्षत्रेऽदितिदैवत्ये स्वोच्चसंस्थेषु पञ्चसु।
ग्रहेषु कर्कटे लग्ने वाक्पताविन्दुना सह॥
प्रोद्यमाने जगन्नाथं सर्वलोकनमस्कृतम्।
कौसल्याऽजनयद्रामं सर्वलक्षणसंयुतम्॥
- रामायण बालकाण्ड सर्ग १८ श्लोक ८ - १०

अर्थात् :- यज्ञ समाप्ति के पश्चात जब छः ऋतुएँ बीत गयीं, तब बारहवें मासमें चैत्र के शुक्लपक्ष की नवमी तिथि में, पुनर्वसु नक्षत्र में एवं कर्क लग्न में, कौशल्यादेवी ने दिव्य लक्षणों से युक्त, सर्वलोकवन्दनीय जगदीश्वर श्री राम को जन्म दिया। उस समय पाँच ग्रह (सूर्य, मङ्गल, शनि, गुरु और शुक्र) अपने उच्च स्थान में थे, तथा लग्न में चन्द्रमा के साथ बृहस्पति विराजमान थे।

रामनवमी कैसे मनाई जाती है?

राम नवमी, श्री राम के जन्मोत्सव के रूप में लोग मनाते है। राम नवमी किस प्रकार मनाये? इसकी कोई विधि नहीं है। जिसने जिस रूप में, जिस भाव में श्री राम का ध्यान किया, जिस प्रकार पूजा-स्तुति की; वही विधि परंपरा में आज तक चली आ रही है। प्रायः कुछ लोग पूजा, व्रत, उपवास, हवन, दान आदि करते है, इससे श्रेष्ठ कुछ लोग श्रीरामचरितमानस का गान करते है एवं सबसे श्रेष्ठ कुछ लोग इस दिन भजन-कीर्तन करते है।

क्यों हम रामनवमी मनाये?

सनातन धर्म में प्रायः यह देखा जाता है कि केवल भगवान एवं उनके जनों (सिद्ध संतों) का जन्मदिन मनाया जाता है। परन्तु, ऐसा क्यों? ऐसा इसलिए क्योंकि जब हम संसार में किसी के जन्म उत्सव पर जाते है। तो पहले यह सोचते है कि किसके जन्म उत्सव पर जा रहे है, वो हमारा क्या लगता है? वो कौन है? उसका हमारे जीवन में कुछ महत्त्व है की नहीं? यह सब सोचते है फिर जाते है एवं जन्मदिन मनाते है। इसी प्रकार भगवान का जन्म दिवस हम क्यों मनाये, वो हमारे क्या लगते है, वो कौन है, उनका हमारे जीवन में क्या महत्त्व है? यह सब कुछ हम लोगों को सदा ज्ञात हो इसलिए भगवान का जन्म उत्सव मनाने की परम्परा हमारे यहाँ है। अवश्य पढ़े भगवान श्री राम जी का जन्म कैसे हुआ?

You Might Also Like

भक्ति क्या है? भक्ति की परिभाषा?

देवताओं द्वारा माता देवकी गर्भ-स्तुति। - भागवत पुराण

राधा नाम का अर्थ और राधा नाम का महत्व - ब्रह्मवैवर्त पुराण अनुसार

नवधा भक्ति क्या है? - रामचरितमानस

क्यों तुलसीदास जी ने लिखा ढोल गवाँर सूद्र पसु नारी? क्या सही अर्थ है?